Tuesday, 6 January 2015

उच्च प्राइमरी में 11 हजार अनुदेशकों की भर्ती प्रक्रिया 31 से होगी शुरू

उच्च प्राइमरी में 11 हजार अनुदेशकों की भर्ती प्रक्रिया 31 से होगी शुरू
लखनऊ (ब्यूरो)। बेसिक शिक्षा परिषद के उच्च प्राइमरी स्कूलों में करीब 11,000 अनुदेशकों की भर्तियां की जाएंगी। इसके लिए विज्ञापन 31 दिसंबर को जारी होगा और 30 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। अनुदेशकों को 7000 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। जहां 100 से अधिक छात्र-छात्राएं होंगे वहीं अनुदेशकों को रखा जाएगा। सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता ने बृहस्पतिवार को शासनादेश जारी कर दिया है।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने उच्च प्राइमरी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को कला और व्यावसायिक शिक्षा दिलाने की व्यवस्था की है। सर्व शिक्षा अभियान राज्य परियोजना निदेशालय के प्रस्ताव पर 41,000 से अधिक अनुदेशकों की भर्ती का बजट मंजूर किया गया था। इसमें करीब 11,000 पद रिक्त हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी इन पदों पर भर्तियां करेंगे और आवेदन के लिए उसी जिले का रहने वाला ही पात्र होगा। आवेदन के लिए 1 जुलाई 2014 को न्यूनतम 21 से 40 वर्ष तक वाले ही पात्र होंगे। अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग के आवेदकों को अधिकतम पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट दी जाएगी। निशक्त आवेदकों को यह छूट 15 वर्ष की होगी। अनुसूचित जाति, जनजाति के आवेदकों को 100 व अन्य को 200 रुपये तथा निशक्तों से कोई शुल्क नहीं देना होगा।
प्राथमिक अंग्रेजी माध्यम स्कूलों
में शिक्षकों का चयन 20 तक होगा
लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद नए शैक्षिक सत्र अप्रैल से हर जिला मुख्यालयों पर दो-दो मॉडल प्राइमरी स्कूलों का संचालन शुरू करने जा रहा है। इसके लिए शिक्षकों का चयन 20 जनवरी तक हरहाल में पूरा कर लिया जाएगा। प्रत्येक स्कूल में पांच शिक्षक होंगे जिसमें एक प्रधानाध्यापक होगा। शिक्षकों के चयन के लिए प्रत्येक जिलों में डायट प्राचार्यों की अध्यक्षता में समिति होगी। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेज दिया है।
राज्य सरकार निजी स्कूलों की तर्ज पर हर जिला मुख्यालयों पर दो-दो प्राइमरी इंग्लिश मीडियम स्कूल चलाने जा रही है।
इनमें कक्षा तीन तक इंग्लिश मीडियम और कक्षा 4 व 5 में हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यम की शिक्षा दी जाएगी। परिषदीय स्कूलों में कार्यरत इंग्लिश मीडियम में पढ़ाने में सक्षम शिक्षकों का चयन मॉडल स्कूलों के लिए किया जाएगा। इसके लिए जिलेवार शिक्षकों से आवेदन लिए जाएंगे। प्रधानाध्यापक के लिए ग्रामीण तथा नगर क्षेत्र में कार्यरत प्राथमिक विद्यालयों के ऐसे प्रधानाध्यापक व उच्च प्राइमरी के सहायक अध्यापक को पात्र माना जाएगा जिन्होंने इंटर तक इंग्लिश मीडियम में शिक्षा प्राप्त की होगी और पढ़ाने में दक्ष होंगे।
सहायक अध्यापक के लिए प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत वे शिक्षक पात्र होंगे जिन्होंने इंग्लिश मीडियम में शिक्षा प्राप्त की होगी और बच्चों को पढ़ा सकें। इसी तरह एक अध्यापक का भी चयन किया जाएगा। इसके लिए 50 अंक की लिखित व 50 अंक का साक्षात्कार होगा। डायट प्राचार्यों की अध्यक्षता में समिति होगी इसमें संबंधित जिले का बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य सचिव होगा।
भर्ती में कब क्या
जिलेवार विज्ञापन31 दिसंबर
शुल्क की अंतिम तिथि27 जनवरी
आवेदन की अंतिम तिथि30 जनवरी
ऑनलाइन त्रुटि सुधार सकेंगे16 फरवरी
मेरिट जारी होगी2 मार्च
काउंसलिंग12 मार्च
डीएम से अनुमोदन19 मार्च
तैनाती आदेश देंगे25 मार्च
ज्वाइन1 अप्रैल से
भर्ती के लिए आश्वयक योग्यता
कला शिक्षा के लिए इंटरमीडिएट कला विषय के साथ स्नातक या ड्राइंग अथवा पेंटिंग के साथ बीए या कला में विशेष उपाधि या डिप्लोमा। स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के लिए स्नातक तथा व्यायाम शिक्षा में डिप्लोमा या व्यायाम शिक्षा में उपाधि। कार्य शिक्षा में कंप्यूटर शिक्षा, गृह शिल्प एवं संबंधित कला, उद्यान विज्ञान व फल संरक्षण तथा कृषि विषय की शिक्षा दी जाएगी। कंप्यूटर शिक्षा के लिए बीएससी इन कंप्यूटर साइंस या कंप्यूटर में ए लेवल कोर्स, गृहशिल्प व संबंधित कला के लिए गृह विज्ञान या गृह अर्थशास्त्र या घरेलू विज्ञान में स्नातक, उद्यान विज्ञान व फल संरक्षण के लिए बीएससी कृषि के साथ फल संरक्षण में डिप्लोमा वाले पात्र होंगे। इसी तरह कृषि शिक्षा में बीएससी कृषि वाले आवेदन के लिए पात्र होंगे।
•विज्ञापन 31 दिसंबर को और आवेदन 30 जनवरी तक
•7000 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा